गणतंत्र दिवस पर नहीं दिखेगा जांबाजों का बाइक स्टंट

नई दिल्ली: परेड में जो स्टंट सब दिल थाम कर देखते थे, वह स्टंट इस बार गणतंत्र दिवस परेड का हिस्सा नहीं होगा। कोविड-19 की वजह से डेयर डेविल्स बाइकर्स इस बार गणतंत्र दिवस में शामिल नहीं होंगे। हर बार मोटरबाइक सवारों के करतब गणतंत्र दिवस परेड का बड़ा आकर्षण होते थे।

इंडियन आर्मी के 60 साल से ज्यादा उम्र के वीर योद्धा जो परमवीर चक्र और अशोक चक्र विजेता भी रहे हैं, वे इस बार परेड में शिरकत नहीं करेंगे। कोविड-19 प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है। वहीं, इस बार राजपथ के ऊपर रफाल फाइटर जेट उड़ान भरेंगे।

इंडियन एयरफोर्स के फ्लाईपास्ट में दूसरे लड़ाकू विमानों के साथ ही रफाल लड़ाकू विमान भी शामिल होंगे। इस बार राजपथ पर कम लोग मौजूद रहेंगे, लेकिन इस बार सबसे ज्यादा 32 झांकियां होंगी। इनमें 17 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश की हैं और बाकी केंद्रीय मंत्रालयों और सेनाओं की झांकियां होंगी। राजपथ में डीआरडीओ की भी दो झांकियां होंगी।

साथ ही दो स्पेशल झांकियां भी होंगी। एक झांकी संस्कृति मंत्रालय की है और इसकी थीम आजादी के 75 साल है। दूसरी झांकी सूचना और प्रसारण मंत्रालय की होगी, जिसकी थीम न्यू इंडिया है। कोविड-19 की वजह से इस बार बहादुर बच्चे भी परेड में शामिल नहीं हो पाएंगे। इस बार परेड में बैंड की संख्या भी ज्यादा होगी। इस बार राजपथ पर कुल 23 बैंड की धुन गूंजेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *