रायपुर। कोरोना संक्रमण के दौरान विभिन्न संगठन, संस्थाएं व सामाजिक कार्यकर्ता लोगों की निःस्वार्थ सेवा कर मिसाल पेश कर रहे हैं। राजधानी रायपुर में युवा पहल संस्था के सदस्य विगत् दो महीने से निःशुल्क एंबुलेंस से मरीजों को अस्पताल व मृतकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए पहुंचाने का काम कर रहे हैं। इन्होंने शहर के लगभग 780 मरीजों को अब तक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया है। सेवाभाव से किये जा रहे इन कार्यों से मुसीबत के समय में लोगों को बड़ी मदद मिल रही है।
महादेव घाट मुक्तिधाम में युवा पहल संस्था के सेवा भावी साथियों से पंकज शर्मा महामंत्री प्रदेश कांग्रेस ने मुलाकात कर युवा पहल के संस्थापक राहुल शर्मा एवं सभी सेवा भावी सदस्यों को शुभकामनाओं के साथ धन्यवाद दिया। पंकज शर्मा ने युवा पहल सदस्यों के साथ स्वल्पाहार कर उन्हे पुरुस्कृत किया। इस दौरान महादेव घाट में प्रतिदिन निःशुल्क जल सेवा करने वाले युवा पहल संस्था के एक दिव्यांग साथी बैटरी वाली ट्राइसिकल भेंट की गई। युवा पहल संस्था के सदस्यों ने अपने मार्गदर्शक पंकज शर्मा को इस उत्साह वर्धन हेतु आभार वयक्त किया।
युवा पहल संस्था के सेवाभाव को सलाम-पंकज शर्मा
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री ने कहा कोरोना महामारी के बीच युवा पहल संस्था के सदस्य लोगों की मदद कर रहे हैं। यह एक सराहनीय कार्य है। जब कुछ अपने दूर हो रहे हैं, ऐसे समय में बिना किसी डर के संस्था लोगों का सहयोग कर रही है। युवा पहल संस्था व उसके सदस्यों के सेवाभाव को सलाम है।