रायपुर। पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों को लेकर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी, प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं शहर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंपों के सामने विरोध प्रदर्शन किया। राजधानी रायपुर के अलग-अलग पेट्रोल पंपों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता पेट्रोल पंपों के सामने नारे लिखी तख्तियां लेकर खड़े रहे और मोदी सरकार के खिलाफ नारे लगाते रहे। राजधानी रायपुर सहित पूरे प्रदेश के सभी जिलों व ब्लॉक में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया।

महंगाई से आम जनता परेशान है-मो. सिद्दीक
जयस्तंभ चौक पर पेट्रोल पंप के सामने प्रदर्शन कर रहे शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त महामंत्री मो. सिद्दीक ने कहा मोदी सरकार की गलत आर्थिक नीतियों व कोरोना महामारी से लोगों की आर्थिक स्थिति खराब हुई है। ऐसे में पेट्रोलियम पदार्थों व दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों से आम जनता परेशान है। सरकार को जनता की चिंता नहीं है, इसलिए महंगाई पर नियंत्रण को लेकर कोई प्रयास नहीं किये जा रहे हैं।