रायपुर। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस और राहुल गांधी का ट्वीटर लॉक पहले ही हो चुका है। अब छत्तीसगढ़ से भी कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के ट्वीटर लॉक होने की जानकारी मिल रही है। छत्तीसगढ़ सोशल मीडिया प्रभारी रुचिरा चतुर्वेदी, सह प्रभारी सौरभ राय के ट्वीटर लॉक होने की सूचना मिली है। इसके अलावा ‘मैं भी राहुल’ अभियान में शामिल होने वाले कई कार्यकर्ताओं के ट्वीटर अकाउंट ब्लॉक हो गए हैं। कांग्रेस आईटी सेल के संग़ठन महासचिव आयुष पांडेय ने इसे डिजिटल इमरजेंसी बताया और ट्वीटर पर केंद्र सरकार के दबाव पर काम करने का आरोप लगाया। इस मामले में छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रविंद्र चौबे का बयान आया है, जिसमें उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी विपक्ष के सबसे बड़े नेता हैं। उनकी आवाज को दबाने की कोशिश हो रही है। यह देश के लिए दुर्भाग्य है। राहुल गांधी जो बातें बोल रहे हैं, उसे केंद्र को सहन करना चाहिए। ये सारी बातें देश को समझ आ रही है। केंद्र सरकार तानाशाही की ओर आगे बढ़ रही है, जो लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।
छत्तीसगढ़ के कई नेताओं के ट्वीटर अकाउंट लॉक, कांग्रेस ने बताया इसे डिजिटल इमरजेंसी
