रायपुर। प्रदेश के कृषि एवं जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा है कि छत्तीसगढ़ शान्ति का टापू है। यहांं साम्प्रदायिक सदभाव को बिगाड़ने वाली घटना को अक्षम्य माना जाता है। कवर्धा की घटना के पीछे जिन लोगों के निहित स्वार्थ है। उन लोगों को पहचानने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों ने प्रदेश भर से अपने कार्यकर्ताओं को कवर्धा में बुलाकर खुलेआम हिंसा की घटना की, जिसके प्रमाण मौजूद है। रविन्द्र चौबे ने यह बात आज प्रदेश के वनमंत्री मोहम्मद अकबर के शंकर नगर स्थित शासकीय आवास में मीडिया प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए कही। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री प्रेमसाय सिंह टेकाम, छत्तीसगढ़ राज्य अपेक्स बैंक के अध्यक्ष बैजनाथ चन्द्राकर तथा छत्तीसगढ़ राज्य क्रेडा के सदस्य कन्हैया लाल अग्रवाल, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक रायपुर के अध्यक्ष पंकज शर्मा, उपस्थित थे।
रविन्द्र चौबे ने कहा कि झण्डा को लेकर हुई आपसी लड़ाई को भाजपा ने साम्प्रदायिक रूप देने का प्रयास किया जो कि निंदनीय है। कवर्धा के विधायक मोहम्मद अकबर ने स्वयं निर्देश देकर झण्डा को लगवाया। कवर्धा में धारा 144 लागू होने के बावजूद भाजपा ने 5 अक्टूबर को जुलूस निकाला। इसके लिए प्रदेश के अलग-अलग स्थानों जैसे-बिलासपुर, मुंगेली, बेमेतरा, कुरूद, धमतरी, रायपुर, राजनांदगांंव से लोगोें को बुलाया गया था। ये काम इतना सुनियोजित ढंग से किया गया था कि एक रात पहले इन लोगों को स्कूल में ठहराया गया था। प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से ये लोग कवर्धा किसके बुलावे पर आये थे, इन्हें ठहराने वाले कौन लोग थे, इसे चिन्हित करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग पुलिस रेेंज के आईजी द्वारा प्रदेश के अलग-अलग स्थानों से भाजपा कार्यकर्ताओं को कवर्धा बुलाये जाने का खुलासा किए जाने से भाजपा बौखलायी हुई है। कवर्धा में हुई हिंसा की विडियोग्राफी में भाजपा के लोगों के चेहरे साफ नजर आ रहे है। प्रदेश के वरिष्ठ मंत्री ने पूछा कि
*भाजपा यह बताये कि बाहर से अपने लोगों को कवर्धा क्यों बुलाया गया ?
*उन्हें स्कूल में क्यों ठहराया गया ?
*जुलूस निकालकर आपत्तिजनक नारे लगाकर माहौल को साम्प्रदायिक रूप देने का प्रयास क्यों किया ?
*कवर्धा में हिंसा क्यों मचाई गई ?
मीडिया प्रतिनिधियों के सवाल के जवाब में कृषि मंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री ने कवर्धा की घटना में शामिल सभी दोषियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही करने का निर्देश दिए है। माहौल खराब करने व हिंसा फैलाने की घटना में जिनके भी चहेरे सामाने आएंगे उनके खिलाफ न केवल एफ.आई.आर. होगी बल्कि गिरफ्तारी भी होगी। इस सवाल पर कि कवर्धा में जुलुस की अनुमति क्यों दी गई, वरिष्ठ मंत्री ने कहा कि शांति पूर्ण विरोध का भरोसा दिलाए गया था। उन्होंने माना कि प्रशासन के द्वारा इस मामले में थोड़ी चूक हुई है। यह पूछने पर कि पूर्व सांसद अभिषेक सिंह की अगुवाई में बेहद आपत्तिजनक नारे लगाए जाने को वे किस रूप में देखते है, रविन्द्र चौबे ने कहा कि कवर्धा में इस तरह के नारे लगाकर माहौल को संप्रादायिक रूप देने की कोशिश की गई।