नयी दिल्ली । दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाले देश में दूसरे नंबर पर खड़े भारत ने आज एक और इतिहास रच दिया है। एक कोरोना वायरस ने जहां पूरे विश्व में तांडव मचाया, तो भारत के वैज्ञानिकों ने कोरोना के खिलाफ बहुत ही कम समय में बेहद कारगर वैक्सीन का निर्माणकर दुनिया को चौंका दिया। और अब 130 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाले देश भारत में 100 करोड़ लोगों को वैक्सीन लग जाना, अपने आप में ऐतिहासिक है।
आज सुबह 9.47 बजे भारत ने यह इतिहास रचा और 100 करोड़ डोज का आंकड़ा छू लिया। बता दें कि इस मुकाम को हासिल करने में भारत को 9 माह और 5 दिनों का समय लगा है। देश में कोरोना वायरस के खिलाफ वैक्सीनेशन का महाभियान 16 जनवरी 2021 को शुरु किया था। इस पूरे वैक्सीनेशन महाभियान के ताजा आंकड़ों की बात की जाए तो देश की 75% युवा आबादी को एक डोज, तो 31% आबादी को दोनों डोज लग चुके हैं।
भारत में 100 करोड़ डोज पूरा होने पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों को बधाई संदेश दिया है। आज पीएम मोदी खुद दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल पहुंचे, 20 मिनट तक उन्होंने अस्पताल का निरीक्षण किया, हेल्थ वर्कर्स से चर्चा की और सभी का हौसला बढ़ाया। पीएम मोदी ने कहा कि हमने 100 करोड़ डोज पूरा कर लिया है लेकिन 100% अब भी नहीं हुए हैं। लिहाजा अब 100% आबादी को दोनों डोज लगाए जाने के लक्ष्य को पूरा करने पर ध्यान देना है। ताकि भारत पूरी तरह से सुरक्षित हो जाए।