छत्तीसगढ़ में फिर पड़ेगी ठंड, कई इलाकों में चलेगी शीतलहर व रहेगा घना कोहरा


डंका न्यूज़ डेस्क
उत्तर भारत से सर्द हवा आने के कारण प्रदेश में बुधवार से फिर कड़ाके की ठंड पड़ेगी। बुधवार व गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आएगी। इसके असर से उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर चलने की भी संभावना है। पहाड़ी व मैदानी इलाकों में मध्यम से घना कोहरा भी छाएगा। मौसम विभाग के अनुसार दिन के तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा। उत्तर भारत से हवा आने व आसमान से बादल छंटने के कारण रात के तापमान में हल्की गिरावट आनी शुरू हो गई है।
दो दिन पहले प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश भी हुई। इसके असर से राजधानी समेत प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में दोपहर का तापमान सामान्य से कम चल रहा है। सामान्यत: मकर संक्रांति के बाद दिन का तापमान धीरे-धीरे बढ़ता है। इस बार भी ऐसा ही हो रहा है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि मार्च तक रुक-रुककर ठंड पड़ती रहेगी। रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री रही, जो सोमवार की तुलना में 2.3 डिग्री कम है। यह सामान्य से 4 डिग्री भी कम है। पहाड़ी व मैदानी इलाकों में हल्की ठंड की वापसी हुई है।
पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रहा, जो प्रदेश में सबसे कम तापमान है। यह सामान्य है। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा है। मौसम विज्ञान केंद्र लालपुर के मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश में उत्तर भारत से सर्द हवा आ रही है। इसके कारण अब आने वाले दिनाें में रात का तापमान गिरेगा। दोपहर के तापमान में विशेष बदलाव नहीं आएगा। शीतलहर सरगुजा व बिलासपुर संभाग के कुछ क्षेत्रों में चल सकती है। फिलहाल अभी इन्हीं दो संभाग में अभी कोहरा छाएगा।
न्यूनतम तापमान
स्थान तापमान
रायपुर 14.5
माना 13.4
बिलासपुर 14.0
पेंड्रारोड 11.0
अंबिकापुर 12.8
जगदलपुर 14.0
दुर्ग 11.6
राजनांदगांव 13.3
दिल्ली में सबसे सर्द दिन

दाेपहर का तापमान 12.10 यह सामान्य से 100 कम
उत्तर-पश्चिमी भारत में मंगलवार को बेहद सर्द और इस जनवरी का सबसे ठंडा दिन दर्ज हुआ। दिल्ली में दोपहर का तापमान 12.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो यह सामान्य से 10 डिग्री कम था। इससे पहले 3 जनवरी 2013 को दिल्ली में दोपहर का सबसे कम तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। दिल्ली में 7 जनवरी से अब तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए हैं। आठ जनवरी से अब तक किसी दिन दोपहर का तापमान 20 डिग्री से ऊपर नहीं जा सका। मौसम विज्ञानी आरके जेनामनी बताते हैं कि इस बार सर्दी अनोखी किस्म की है। कोहरे के दिन व घंटे कम रहे है जबकि बादल घिरने के दिन ज्यादा रहे और शीतलहर वाले दिनों की तुलना में शीत दिवस ज्यादा रहे। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 29 जनवरी तक समूचे उत्तर-पश्चिमी भारत, मध्य व पूर्वी भारत में कड़ाके की सर्दी रहेगी।
राजपथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के समय तापमान 7 से 10 डिग्री के बीच रहेगा। जेनामनी के मुताबिक अभी पहाड़ों से सीधी उत्तरी हवा चल रही है। इससे सर्द हवाएं मैदान में पहुंच रही हैं। इनका असर गुजरात और मध्य महाराष्ट्र तक हो रहा है। अहमदाबाद व गांधीनगर में भी शीतलहर से हालात हैं। पुणे व नासिक में 8.5 डिग्री व 6.3 डिग्री दर्ज किया गया है। 29 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी होगी, लेकिन फरवरी के पहले हफ्ते में सर्द हवाओं व शीत दिवस का एक नया दौर शुरू होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *