छत्तीसगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, बारिश के साथ बिजली गिरने के भी आसार


डंका न्यूज डेस्क
छत्तीसगढ़ के कुछ जिलों में एक-दो स्थानों पर आज आसमानी बिजली गिर सकती है। मौसम विभाग ने मध्य छत्तीसगढ़ के 6 जिलों में गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। संभावना जताई जा रही है कि अगले कुछ घंटों में यानी आधी रात तक यह घटना हो सकती है।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने शाम 4 बजे एक त्वरित पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक शाम 4.30 बजे से रात 8.30 बजे तक कबीरधाम, मुंगेली, बिलासपुर, जशपुर, कोरबा और रायगढ़ जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज-चमक होने की अति संभावना है। मौसम विभाग ने इन क्षेत्रों में हल्की बरसात की भी संभावना जताई है।

मौसम विज्ञानियों का कहना है, प्रदेश में उत्तर और दक्षिण से आने वाली हवाओं का मिलन क्षेत्र बना हुआ था।इसके प्रभाव से रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कॉमन क्षेत्रों में हल्की वर्षा होने की संभावना बनी है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दो दिन पहले छत्तीसगढ़ का मौसम बदला है। रविवार रात सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में बरसात के साथ ओलावृष्टि हुई। इसकी वजह से फसलों को नुकसान हुआ है। मरवाही में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत हो गई।

सिस्टम महाराष्ट्र की ओर खिसका

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया, प्रदेश में बना उत्तरी और पूर्वी-दक्षिणी हवा का संगम क्षेत्र महाराष्ट्र की ओर खिसक गया है। इसकी वजह से 2 मार्च को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है।

एक और मौसमी तंत्र सक्रिय हो रहा है

मौसम विभाग ने बताया है, अभी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र के ऊपर पछुवा हवाओं के बीच एक ट्रफ बना हुआ है। इस बीच अंडमान सागर के पास एक चक्रवाती घेरा सक्रिय है। इसके प्रभाव से मध्य-पूर्व बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब का क्षेत्र बन सकता है। इसी बीच दूसरे पश्चिमी विक्षोभ के प्रभावी होने की संभावना बढ़ गई है। इस विक्षोभ के प्रभाव से 3 मार्च को भी प्रदेश में बरसात हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *