डंका न्यूज डेस्क
बिलासपुर ट्रक से गांजा तस्करी करते चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। साथ ही चार क्विंटल गांजा जब्त किया गया है। ओडिशा-रायगढ़ मार्ग से ट्रक आ रहा था। गांजा की कीमत 41 लाख स्र्पये बताई जा रही है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की है। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। बिलासपुर जिले में मादक पदार्थों व नशीली दवाई का अवैध कारोबार रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी बीच सिरगिट्टी पुलिस को शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद टाटा ट्रक में अवैध गांजा ओडिशा-रायगढ़ मार्ग से बिलासपुर की तरफ आ रहा है।
पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक सीजी 04 जेसी 4014 को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक बेरीकेडिंग को तोड़ते हुए तेज रफ्तार से फदहाखार की ओर भागने लगा। पुलिस की टीम ने पीछा किया। इस बीच चालक ट्रक से कुदकर भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर ट्रक चालक समेत तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम डा. बेहरा 48 वर्ष निवासी मार्केटसाही पोस्ट व जिला देवगढ़ ओडिशा बताया।
ट्रक की तलाशी लेने पर पशु आहार मिला। उसे तखतपुर क्षेत्र में किसी पोल्ट्री फार्म में छोड़ने जा रहा था। पशु आहार की करीब छह बोरियों के नीचे 12 बोरियों में 1-1 किलो के पैकेट में चार क्विंटल 10 किलो गांजा मिला। चालक ने बताया कि वह पिछले कई महीनों से हरीश साहू मोपका निवासी, विष्णु सोनी बलौदा निवासी के लिए ओडिशा से गांजा सप्लाई कर रहा है। इस बार भी दोनों गांजा तस्करों के लिए माल लेकर आ रहा था।
खरीदार फरार
पुलिस ने गांजा खरीदने वाले आरोपिता हरीश साहू और विष्णु सोनी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस की टीम उसकी तलाश में जुटी है। पुलिस की टीम दोनों आरोपिता के मकान में दबिश दी, लेकिन वे नहीं मिले।