राष्ट्रपति चुनाव: मुर्मू 24 जून को दाखिल कर सकती हैं नामांकन

नयी दिल्ली/भुवनेश्वर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू 24 जून को नामांकन दाखिल कर सकती हैं. इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के उपस्थित रहने की संभावना है. सूत्रों के मुताबिक नामांकन के दौरान लगभग सभी केंद्रीय मंत्री, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और मुर्मू की उम्मीदवारी का समर्थन करने वाले बीजू जनता दल (बीजद) जैसे दलों के प्रमुख नेता भी मौजूद रहेंगे ताकि राजग उम्मीदवार के प्रति व्यापक समर्थन का संदेश जाए.

सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी राजग उम्मीदवार मुर्मू के पहले प्रस्तावक हो सकते हैं. राष्ट्रपति चुनाव में किसी उम्मीदवार को 50 प्रस्तावकों और 50 अनुमोदकों से हस्ताक्षरित नामांकन पत्र दाखिल करना होता है. भाजपा सूत्रों के मुताबिक मुर्मू चार नामांकन पत्र दाखिल करेंगी. भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने चुनावी प्रक्रिया को लेकर इससे जुड़े नेताओं के साथ एक बैठक की.

भाजपा नेता, मुर्मू के चुनावी अभियान के तहत देश भर का दौरा करेंगे और राष्ट्रपति चुनाव के निर्वाचक मंडल के सदस्यों से उनके लिए समर्थन मांगेंगे. निर्वाचक मंडल में सांसद और विधायक शामिल हैं. विपक्ष ने राष्ट्रपति चुनाव में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को संयुक्त उम्मीदवार बनाया है. ऐसे में 18 जुलाई को मतदान होना तय है.

आंकड़ों के लिहाज से देखा जाए तो ओड़िशा से ताल्लुक रखने वाली मुर्मू का पलड़ा भारी है. बीजद ने पहले ही उनके समर्थन की घोषणा कर दी है. भाजपा को उम्मीद है कि वाईएसआर कांग्रेस और आॅल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) जैसे अन्य कुछ दल भी मुर्मू के समर्थन में आएंगे. नड्डा ने मंगलवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक के बाद राष्ट्रपति चुनाव में राजग के उममीदवार के रूप में मुर्मू के नाम की घोषणा की थी.

चौंसठ वर्षीय मुर्मू 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल रह चुकी हैं. वह झारखंड की पहली राज्यपाल थीं जिन्होंने अपना कार्यकाल पूरा किया. मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोंिवद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है. मुर्मू यदि यह चुनाव जीतने में सफल होती हैं तो वह देश की पहली आदिवासी राष्ट्रपति होंगी.

दिल्ली के सफर से पहले राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू ने मंदिर में लगाई झाड़ू

रायरंगपुर. राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू ने दिल्ली के अपने सफर से पहले बुधवार को ओडिशा के मयूरभंज जिले के आदिवासी बहुल अपने इस कस्बे में स्थित शिवमंदिर में सुबह सूर्योदय से पहले झाडू लगाई जो उनकी नियमित दिनचर्या का हिस्सा है. मुर्मू अगस्त 2021 में झारखंड के राज्यपाल पद से रिटायर होने के बाद यहां लौटी थीं और तब से मंदिर में झाडू लगाना उनकी दिनचर्या में शामिल है और बुधवार का दिन भी इससे अलग नहीं था.

सैकड़ों स्थानीय लोगों ने देखा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी के हाथों में झाडू है और वह लाल बॉर्डर की हाथी दांत रंग की साड़ी में झाड़ू लेकर सुबह तीन से चार बजे के करीब मंदिर में झाडू लगा रही हैं. अन्य दिनों की तरह ही वह स्रान करने के बाद मंदिर में पूजा करने आईं और भगवान शिव के वाहन नंदी के कान में कुछ कहा जो कि एक सामान्य चलन है. उस वक्त सैकड़ों की संख्या में लोग जमा थे जिनके मद्देनजर सीआरपीएफ के कमांड़ो ने इलाके की घेराबंदी की क्योंकि उन्हें जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई गई है.

.

पटनायक ने ओडिशा के सभी विधायकों से मुर्मू का समर्थन करने को कहा

बीजू जनता दल (बीजद) अध्यक्ष एवं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने बुधवार को राज्य विधानसभा के सभी सदस्यों से अपील की कि वे राष्ट्रपति पद के लिए होने वाले आगामी चुनाव में राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन करें. पटनायक ने मुर्मू को राज्य की बेटी बताया.

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ओडिशा विधानसभा के सभी सदस्यों से अपील करता हूं कि वे ओडिशा की बेटी श्रीमती द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के चुनाव के लिए सर्वसम्मति से समर्थन दें.’’ विधानसभा की 147 सीटों में से सत्तारूढ़ बीजद के 114 विधायक हैं. इसके अलावा भाजपा के 22 और कांग्रेस के नौ सदस्य और माकपा का एक सदस्य है. एक निर्दलीय विधायक भी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *