रायपुर। रायपुर स्थित गांधी मैदान में आज राहुल गांधी के खिलाफ आए फैसले को लेकर कांग्रेस द्वारा मौन सत्याग्रह रखा गया था। जिसमें मंच में प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, डॉ. चरणदास महंत, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, डॉ. शिव कुमार डहरिया, सचिव चंदन यादव, विजय जांगिड़, वरिष्ठ विधायक सत्यनारायण शर्मा, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय आदि मौजूद थे।
लोकतंत्र का गला घोटने का काम कर रही मोदी सरकार – पंकज शर्मा
ग्रामीण विधानसभा से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा के नेतृत्व में कार्यक्रम में शामिल हुए। जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा ने केंद्र सरकार की नीतियों पर हमला बोलते हुए कहा कि मोदी राज में लोकतंत्र का गला घोटने का काम किया जा रहा है। राहुल गांधी लगातार लोगों की आवाज बनकर सामने आते हैं। उनके द्वारा सड़क से लेकर सदन तक आम जनता की आवाज उठाई जाती है। जिसे लेकर मोदी से लेकर उनके तमाम मंत्री व नेता परेशान रहते हैं। राहुल गांधी के साथ कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है और सड़क से लेकर सदन तक की लड़ाई लड़ेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी व मोदी सरकार डरी और सहमी हुई है – विकास उपाध्याय
विकास उपाध्याय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मोदी सरकार के गलत नीतियों के खिलाफ पूरे देश में केवल राहुल गांधी ही हैं जो सदन से लेकर सड़क तक लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन साजिश के तहत् उनकी लोकसभा सदस्यता को रद्द कर उनकी व जनता की आवाज को दबाने का प्रयास किया गया है। जब सदन में ऑन रिकॉर्ड सरकार को जवाब देने का समय आया, तो षड़यंत्र कर उनकी सदस्यता को रद्द कराया गया। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा से बीजेपी की मोदी सरकार डरी और सहमी हुई है। वर्ष 2024 के आने वाले चुनाव में इनको अपनी जमीन खिसकती हुई दिख रही है, इसीलिए नये-नये षड़यंत्र राहुल गांधी के खिलाफ ये लोग रच रहे हैं। लेकिन राहुल गांधी डरने वाले नहीं हैं और पूरा देश आज उनके साथ खड़ा है।