मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को जन्म दिन की बधाई देने देर रात तक पहुना में लगा रहा लोगों का तांता

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के जन्म दिन की बधाई देने पहुना में आज देर रात तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने भी पहुना में उनसे भेंटकर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। इस मौके पर सामाजिक, व्यापारिक, औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मुख्यमंत्री को बधाई देने पहुना पहुंचे। मुख्यमंत्री साय ने इस मौके पर लोगों से बड़ी आत्मीयता से मुलाकात की और उनका कुशलक्षेम पूछा और उन्हें धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों के आग्रह पर केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की। इस मौके पर उन्हें फलों से तौला गया।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय को उप मुख्यमंत्री द्वय अरूण साव, विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, ने जन्म दिन की बधाई दी। नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक धर्मलाल कौशिक, पुन्नूलाल मोहले, किरण सिंहदेव, धरमजीत सिंह, गोमती साय, भावना बोहरा, अनुज शर्मा, संपत अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, रामकुमार यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, पूर्व मंत्रियों, विधायकों सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बधाई दी।

पहुना में सजा खाटू श्याम बाबा का दरबार  

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज अपने जन्म दिवस के अवसर पर पहुना में खाटू श्याम बाबा की पूजा अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की। पहुना में आज श्याम दरबार लगाया गया और श्याम संकीर्तन का आयोजन भी किया गया। भजन गायक राजेश शर्मा और अभिषेक गर्ग भजन संध्या में भजन प्रस्तुत किया। खाटू श्याम दरबार राजस्थान के महाराज श्याम सिंह चौहान और सूरजगढ़ के महाराज ओम प्रकाश इंदौरिया भी इस मौके पर उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *