रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर प्रदेश के सभी ब्लॉकों में बड़ी हुई बिजली की दर एवं अघोषित बिजली कटौती के विरोध में धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती हुई महंगाई के लिए केन्द्र और राज्य की भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया। रायपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, अमरजीत भगत, विकास उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता धरना में शामिल हुए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार ने बिजली बिल हाफ कर जनता को महंगाई से राहत दी थी। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही बिजली दर बढ़ाने के साथ अघोषित बिजली कटौती भी लगातार की जा रही है। केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकार पूंजीपतियों व अमीरों की सरकार है। बिजली, पेट्रोल-डीजल, दैनिक जरुरतों की चीजों के दाम लगातार बेतहाशा बढ़ रहे हैं। सरकार को मध्यम वर्ग एवं निम्न वर्ग के लोगों से कोई सरोकार नहीं है। महंगाई से आम जनता त्रस्त हो चुकी है।