रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम मुख्यालय भवन में प्रवेश करने के बाद आपको मीठी आवाज़ में रामधुन सुनाई देगी। इसके लिए निगम प्रशासन ने पूरी तैयारियां भी कर ली है। जल्द ही इसकी टेस्टिंग भी की जाएगी। जिसके बाद हर रोज़ यहां रामधुन बजाए जाएगी।
दरअसल रायपुर नगर निगम दफ्तर का नाम एमआईसी की बैठक में महात्मा गाँधी सदन रखने का प्रस्ताव पास किया गया था। जिसके बाद से ही निगम भवन को उसके अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को निगम मुख्यालय भवन में महात्मा गाँधी सदन का बोर्ड लगाया गया।
इस मामलें पर जानकारी देते हुए नगर निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष आकाश तिवारी ने बताया कि “नगर निगम संस्कृति विभाग के निर्णय के अनुसार महापौर एजाज ढेबर के निर्देश पर नगर निगम द्वारा मुख्यालय भवन महात्मा गाँधी सदन के प्रत्येक तल पर रामधुन बजाने हेतु आवश्यक सिस्टम भी अब लगाया जा चुका है।”
शीघ्र ही नगर निगम प्रशासन द्वारा महात्मा गाँधी सदन के प्रत्येक तल पर रामधुन बजाने की व्यवस्था समस्त निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों हेतु की जायेगी।
प्रत्येक कार्यदिवस पर सभी तलों पर रामधुन नियमित रूप से बजाई जायेगी एवं सभी निगम अधिकारी एवं कर्मचारीगण नियमित रूप से कार्यालयीन दिवस पर रामधुन में सम्मिलित होंगे।
महात्मा गाँधी की मूर्ति लगेगी
इधर नगर निगम मुख्यालय में महात्मा गांधी की मूर्ति भी स्थापित करने की तैयारियां चल रही है। संस्कृति विभाग के अध्यक्ष तिवारी ने बताया कि संस्कृति विभाग के प्रस्ताव के अनुसार महात्मा गाँधी की मूर्ति शीघ्र महात्मा गाँधी सदन के मुख्य द्वार के बाहर लगाने की तैयारी की जा रही है