मुख्यमंत्री की शिक्षक दिवस पर बड़ी घोषणा, अंग्रेजी माध्यम की तर्ज पर हर जिले में खुलेंगे स्वामी आत्मानंद हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट शासकीय स्कूल

रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने शिक्षक दिवस के अवसर पर आज राजधानी के आमापारा स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के अंतर्गत संचालित आर.डी. तिवारी शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल के उन्नयन कार्य का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में होनी चाहिए। उन्होंने स्वामी आत्मानंद के नाम से संचालित शासकीय अंग्रेजी माध्यम स्कूल की तर्ज पर अब प्रत्येक जिले में एक-एक हिन्दी माध्यम उत्कृष्ट स्कूल खोलने की बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महापुरूषों के नाम से संचालित होने वाले स्कूल हमारी पहचान है। इन ऐतिहासिक स्कूलों का उन्नयन बहुउद्देशीय शाला के रूप में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने आर.डी. तिवारी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के खेल मैदान के लिए 2 करोड़ रूपए की मंजूरी प्रदान की। 

कार्यक्रम को संसदीय सचिव स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम, विकास उपाध्याय और महापौर एजाज ढेबर ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया, विधायक सत्यनारायण शर्मा, विधायक कुलदीप जुनेजा, विधायक अनिता योगेन्द्र शर्मा, अध्यक्ष खनिज विकास निगम गिरीश देवांगन, अध्यक्ष योग आयोग ज्ञानेश शर्मा, अध्यक्ष किसान आयोग सुरेन्द्र शर्मा, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. आलोक शुक्ला, सचिव स्कूल शिक्षा डॉ. कमलप्रीत, कलेक्टर सौरभ, स्मार्ट सिटी रायपुर के सीईओ प्रभात कुमार सहित प्रशासन के अधिकारी, विद्यालय के प्राचार्य आर.के. गुप्ता, शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *