रायपुर से दुर्ग का सफर होगा थोड़ा आसान, दो पहिया वाहनों के लिए जल्द खुलेगा कुम्हारी फ्लाई ओवर

रायपुर। रायपुर-दुर्ग मार्ग पर कुम्हारी के पास निर्माणाधीन 800 मीटर लंबा फ्लाई ओवर दो पहिया वाहनों के जल्द ही खोला जा सकता है। इस फोरलेन पर रोज लगने वाले जाम को देखते हुए एनएचएआई ने यह निर्णय लिया है। इस फ्लाई ओवर के खुल जाने से सर्विस रोड से 30 हजार से अधिक दो पहिया वाहनों के ट्रैफिक का दबाव कम हो जाएगा। इससे फोर व्हीलर और हैवी व्हीकल सर्विस रोड से आसानी ने निकल पाएंगे। मिली जानकारी के मुताबिक, दुर्ग से लेकर रायपुर के बीच नेशनल हाईवे पर चार फ्लाई ओवर बनाए जा रहे हैं। इसके चलते वाहनों को सर्विस रोड से आना-जाना पड़ रहा है। सर्विस रोड संकरी होने से यहां दुर्घटना और जाम लगने की समस्या काफी बढ़ गई थी। इसे देखते हुए पीडब्ल्यूडी के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी ने 23 सितंबर को यहां का दौरा किया था। उन्होंने इस दौरान एनएचएआई के अधिकारियों और फ्लाई ओवर का निर्माण कर रही एजेंसी के इंजीनियर्स को जमकर फटकारा था। अफसरों ने 15 अक्टूबर तक का समय मांगा था। जब समय से काम पूरा न हुआ तो एनएचएआई के अधिकारियों ने बारिश का बहाना बनाकर कुछ समय और मांगा। सचिव की फटकार के बाद ठेका कंपनी ने कुम्हारी फ्लाई ओवर को दो पहिया वाहन के लायक तैयार कर लिया है और इसे 31 अक्टूबर से संभवतः खोल दिया जाएगा। दोपहिया वाहनों का सफर होगा आसान भिलाई-रायपुर के बीच रोजाना 30-35 हजार दोपहिया वाहन गुजरते हैं। सबसे अधिक संख्या सुबह 9-11 और शाम को 5-7 बजे के बीच रहती है। अधिकतर लोग रायपुर में जॉब करते हैं और भिलाई से आना जाना करते हैं। इतनी संख्या में एक साथ दो पहिया वाहनों के निकलने से सर्विस रोड में जाम लग जाता था। ऐसे में बाइक चालक को एक से डेढ़ घंटा का समय लगा जाता था। जाम के साथ-साथ दुर्घटनाएं भी होती है। हर दिन 5-6 सड़क दुर्घटना होना आम बात है। कई बार तो लोगों की जान भी जा चुकी है। ऐसे में दुर्घटना की आशंका 70 प्रतिशत तक कम हो जाएगी। एनएच के अधिकारियों ने बताया कुम्हारी ओवर ब्रिज दो पहिया वाहनों के लिए खोल दिया जाए इसके लिए रात-दिन काम चल रहा है। ब्रिज के एप्रोच रोड में मिट्टी फिलिंग और जीएसबी का कार्य पूरा हो चुका है। शनिवार को इसका डामरीकरण किया जाएगा। सब कुछ सही रहा तो रविवार तक यह तैयार हो जाएगा और इसे दोपहिया वाहनों के लिए खोला जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *