Bihar: राजगीर में बदमाशों ने बीच बाजार रॉड-लाठी से लोगों को पीटा, दो दर्जन घायल, विरोध में फूटा जनता का गुस्सा, की आगजनी

प्रणय राज, नालंदा
बिहार के नालंदा जिले के राजगीर थाना इलाके के गिरियक चौक के पास शनिवार की शाम को बदमाशों ने बाजार में सड़क पर चल रहे आधा दर्जन से अधिक राहगीरों को लाठी-डंडे से जमकर पीटा। कई लोगों के सिर फट गये। लोग बचाओ-बचाओ का शोर मचाकर इधर से उधर भाग रहे थे। घटना को अंजाम दे सभी बदमाश बाइक पर सवार हो हथियार लहराते हुए भाग गए। घटना में करीब दो दर्जन लोग जख्मी हुए हैं। उपद्रवियों ने एक दर्जन से अधिक वाहनों को भी क्षतिग्रस्त किया है। घटना के बाद घायलों को निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क पर आगजनी कर जमकर प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस के खिलाफ जमकर नारे लगाए। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही बरतने का आरोप भी लगाया। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त एक दो पुलिसकर्मी भी वहां थे लेकिन वे भी वहां से भाग गए।

घायलों की हुई पहचान
घायलों में बंगाली पाड़ा के दीपेश कुमार, जितेन्द्र कुमार, झालर का मोहम्मद आलम, रोहित कुमार, कुंड पर का धर्मेन्द्र कुमार, तुलसी गली का विक्की कुमार, सुधीर कुमार सहित अन्य शामिल है। इसमें जितेन्द्र कुमार की हालत गंभीर है। सभी को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से जितेन्द्र को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

घायल ने बताई घटना की दास्तां
घायल दीपेश कुमार ने बताया कि हम लोग मार्केट में थे। तभी कुछ लोग बाइक पर आए और लोगों को रॉड, लाठी-डंटे से पीटना शुरू कर दिया। जो बीच में आ रहा था उसे पीट रहे थे। लोग इधर से उधर भागने लगे। एक दो पुलिसवाले भी वहां थे जो यहसब देखकर भाग गए।

घटना की सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे डीएसपी और थानाध्यक्ष
घटना की सूचना पाकर डीएसपी सोमनाथ प्रसाद और थानाध्यक्ष संतोष कुमार अस्पताल पहुंच कर घायलों से जानकारी ली। लोगों ने बताया कि अचानक दर्जन भर बदमाश आए और बिना किसी कारण के वहां पर टहल रहे या सब्जी खरीद रहे लोगों को पीटने लगे। इससे अफरातफरी का माहौल हो गया। लाठी व डंडे से मारपीट करने के बाद बदमाश भाग निकले।

जल्द आरोपियों की होगी गिरफ्तारी: डीएसपी
इस घटना से लोग हैरान हैं और पुलिस को कोस रहे हैं। लोगों का कहना है कि पुलिस की नाकामी से बदमाशों का हौंसला बढ़ गया है। पुलिस के घटनास्थल पर पहुंचने से पहले ही बदमाश भाग निकले थे। वहीं डीएसपी सोमनाथ प्रसाद ने बताया कि पुलिस बदमाशों पर कार्रवाई में जुट गई है। इलाके का सीसीटीवी फुटेज खंगाला जा रहा है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *