दिल्ली में सोमवार को 10 डिग्री से नीचे जाएगा तापमान!
Delhi Weather : दिल्ली के लिए आंकड़े प्रदान करने वाली सफदरजंग वेधशाला ने कोहरा रिकार्ड किया, जिससे सुबह में दृश्यता घटकर 200 मीटर रह गयी। श्रीवास्तव ने कहा, “पालम मौसम केन्द्र में घने कोहरे से दृश्यता 100 मीटर रह गई।” उन्होंने बताया कि अगले दो दिन में ‘मध्यम से काफी घना कोहरा’ छाए रहने का अनुमान है। दिल्ली के कई हिस्सों में पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हल्की बारिश हुई और पारा कुछ डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। रविवार को न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को हवा की दिशा उत्तरपश्चिम होने के साथ तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जाने का पूर्वानुमान है।
कश्मीर में 20 दिसंबर तक तापमान में गिरावट का अनुमान
Kashmir Weather : इस बीच, कश्मीर घाटी में कई मौसम केंद्रों ने रात का तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया। प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग जम्मू कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 7.6 डिग्री नीचे चला गया। दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में पारा शून्य से नीचे 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि कोकरनाग में रात का तापमान शून्य से नीचे 2.3 डिग्री सेल्सियस रहा। श्रीनगर में पारा 0.1 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम कार्यालय ने मौसम 20 दिसंबर तक शुष्क रहने और रात के तापमान में गिरावट आने की आशंका प्रकट की है। प्रशासन ने कुपवाड़ा और बांडीपुरा जिलों में ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमस्खलन की मध्यम दर्जे की चेतावनी जारी की है।
हिमाचल में हुई बर्फबारी
Himachal Pradesh Weather : इस बीच, हिमाचल प्रदेश के कीलांग, कल्पा और मनाली में तापमान शून्य से नीचे रहा। राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान ताजा बर्फबारी हुई। शिमला के मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति का कीलांग सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान शून्य के नीचे 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। डलहौजी और कुफरी में न्यूनतम तापमान 2.1 डिग्री सेल्सियस रहा। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
यूपी में मौसम का अलग-अलग मिजाज
UP Weather : उत्तर प्रदेश के पश्चिमी भाग में छिटपुट स्थानों पर हल्की वर्षा हुई जबकि पूर्वी हिस्सा शुष्क रहा। नजीबाबाद में वर्षा हुई। कुछ स्थानों पर घना से लेकर बेहद घना कोहरा छाया रहा। राज्य की राजधानी लखनऊ में न्यूतनम तापमान 11.6 डिग्री दर्ज किया गया जबकि इलाहाबाद में यह 15.4 डिग्री रहा। बांदा में पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस तक लुढका। इटावा और नजीबाबाद नौ डिग्री सेल्सियस के न्यूनतम तामपान के साथ राज्य में सबसे ठंडे स्थान रहे।
पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में रहा घना कोहरा
Punjab Weather , Haryana Weather , Chandigarh Weather : पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रविवार को कोहरा छाया रहा। अमृतसर, लुधियाना, बठिंडा, पठानकोट और भिवानी समेत कई स्थानों पर सुबह घना कोहरा छाया रहा। अधिकतर स्थानों पर रात का तापमान सामान्य के करीब रहा। हरियाणा में, अंबाला और करनाल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 11.1 और 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भिवानी और नारनौल में रात में मौसम काफी ठंडा रहा और न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.7 डिग्री और 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने कहा कि पंजाब में, अमृतसर, लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: 8.3, 10.5 और 11.3 डिग्री सेल्सियस रहा वहीं बठिंडा में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एमपी के कुछ हिस्सों में बारिश और कोहरा
MP Weather : पश्चिमी मध्य प्रदेश में रविवार सुबह कोहरा छाया रहा, वहीं राज्य के कई भागों में रुक-रुक कर हल्की बारिश जारी रही। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल कार्यालय के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक पी के साहा ने बताया कि अरब सागर में बनी चक्रवात की स्थिति के कारण मध्यप्रदेश में पिछले तीन दिनों से हल्की बारिश जारी है।
राजस्थान में तापमान 2-3 डिग्री घटा
Rajsthan Weather : राजस्थान के अधिकतर स्थानों पर रविवार को अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। रविवार को राज्य के उत्तर पश्चिम इलाकों गंगानगर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू और आसपास के जिलों में घना कोहरा छाया रहा। चूरू में सबसे कम दृश्यता 200 मीटर दर्ज की गई वहीं गंगानगर में दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई। गंगानगर में अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री और न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया।