प्रदेश में 27 से 30 दिसंबर तक बारिश की संभावना, कुछ जिलों में ओले गिरने की चेतावनी

डंका न्यूज डेस्क
रायपुर। नववर्ष के स्वागत की तैयारियों में जुटे लोगों के लिए जरूरी सूचना है। छत्तीसगढ़ में यह साल जाते-जाते भिगोने वाला है। मौसम विभाग ने 27 से 30 दिसंबर तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बरसात की संभावना जताई है। सरगुजा और आसपास के जिलों में तो ओले गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।

रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, 27 दिसंबर की देर रात प्रदेश के एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बहुत हल्की वर्षा हो सकती है। अगले दिन 28 दिसंबर को प्रदेश के उत्तरी भाग के कुछ स्थानों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। वहीं मध्य क्षेत्र के पश्चिमी भाग में एक दो स्थानों में हल्की वर्षा होने की संभावना बन रही है। यह क्रम 29 दिसंबर को भी जारी रहेगा। इस दिन प्रदेश के सरगुजा और बिलासपुर संभाग के अनेक स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

दुर्ग और रायपुर संभाग के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। बस्तर संभाग के उत्तरी भाग में भी एक दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में एक दो स्थानों पर ओले गिरने की चेतावनी भी जारी की है।

30 दिसंबर को मौसम खुलना शुरू हो जाएगा। कुछ क्षेत्रों में बादल छाये रह सकते हैं। इसकी वजह से कहीं-कहीं हल्की बरसात हाेगी। प्रदेश में धान खरीदी की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में यह बरसात किसानों और सरकार दोनों पर भारी पड़ सकती है। खरीदी व्यवस्था में लगे अधिकारियों को धान को भीगने से बचाने का उपाय पहले से करना होगा।

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, बरसात की वजह से दिन के तापमान में गिरावट आएगी। इससे ठंड का एहसास बढ़ेगा। 31 दिसंबर को जब मौसम साफ होगा तब दिन का तापमान बढ़ेगा। लेकिन रात सामान्य से अधिक ठंडी हो जाएगी। न्यूनतम तापमान में गिरावट कुछ दिन बनी रहेगी। नववर्ष के स्वागत की तैयारियों में ठंड से बचने के उपाय भी शामिल करने होंगे।

मौसम विज्ञानियों के मुताबिक प्रदेश में उत्तर से ठंडी और शुष्क हवाओं का आगमन बंद हो गया है। वहीं दक्षिण छत्तीसगढ़ में दक्षिण से नमी युक्त अपेक्षाकृत गर्म हवा आ रही है। इसकी वजह से प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड जारी है। प्रदेश में 26 और 27 दिसंबर को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *