भिलाई। भिलाई-चरौदा शहर के नए मेयर कांग्रेस के निर्मल कोसरे चुने गए हैं। वहीं कांग्रेस के कृष्णा चंद्राकर सभापति चुने गए हैं। निर्मल कोसरे को 24 और भाजपा उम्मीदवार को 16 वोट मिले हैं। 5 निर्दलीय पार्षदों ने भी कांग्रेस के समर्थन में मतदान किया है। जबकि एक निर्दलीय का वोट भाजपा के खाते में गया है। इसी प्रकार सभापति के लिए कृष्णा चंद्राकर को 24 वोट तथा भाजपा के चंद्र प्रकाश पांडे को 16 वोट मिले। इस तरह दोनों पदों पर कांग्रेस का कब्जा हो गया। इसी के साथ भिलाई- चरौदा निगम में महापौर व सभापति को लेकर चल रहा इंतजार भी समाप्त हो गया। इससे पहले सभी 40 नव निर्वाचित पार्षदों को शपथ ग्रहण कराया गया। कांग्रेस और बीजेपी सहित छह निर्दलीय पार्षदों को जिला कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भूरे ने पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सभी पार्षदों ने 5-5 की संख्या में शपथ ली है। भिलाई-चरौदा नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को 19 और भाजपा के खाते में 15 सीटें गई थीं। इसके साथ ही 6 निर्दली पार्षद भी विजयी हुए।
भिलाई-चरौदा के मेयर बने निर्मल कोसरे:कृष्णा चंद्राकर चुने गए सभापति
