मौसम ने मिजाज बदला, राजधानी रायपुर, बिलासपुर सहित कई जिलों में सुबह से बदली के साथ हुई बारिश

डंका न्यूज डेस्क
रायपुर। छत्तीसगढ़ के कई संभागों के मौसम का मिजाज फिर बदला गया है। आज राजधानी रायपुर वासियों की सुबह बदली और फिर बारिश के साथ हुई है। बिलासपुर में भी अलसुबह से ही बारिश हो रही है। कोरिया जिले के बैकुंठपुर सहित कई हिस्सों में शनिवार की देर शाम तेज बारिश होने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मौसम विभाग ने शनिवार को ही अगले 48 घंटे में सरगुजा, बिलासपुर संभागों और उससे लगे रायपुर-दुर्ग संभाग के जिलों के लिए चेतावनी जारी की थी। चेतावनी में प्रशासन को सावधान और अपडेट रहने को कहा गया है।
मौसम विभाग ने कहा था कि सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में 23 जनवरी को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और एक-दो स्थानों में गरज चमक के साथ ओलावृष्टि हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों ने दुर्ग और रायपुर संभाग के उत्तर में स्थित जिलों और बस्तर संभाग के उत्तर भाग में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छीटें पडऩे की संभावना जताई थी। सरगुजा संभाग और उससे लगे जिलों में तथा बस्तर संभाग और उससे लगे जिलों में 24 जनवरी को भी बारिश होने के आसार हैं।
मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पश्चिम राजस्थान के उपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना रहा है। इसके साथ पाकिस्तान के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 1.5 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके कारण प्रदेश में बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त गर्म हवा आ रही है। ऐसे में यहां हवा का एक सम्मिलन क्षेत्र बनने की संभावना बन रही है।
मौसम विभाग के मुताबिक बादल और बारिश की वजह से 23 जनवरी से न्यूनतम तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की सम्भावना है। वहीं अधिकतम तापमान में गिरावट होने की सम्भावना है। यानी दिन में ठंड बढ़ेगी। बारिश के बाद की हवाओं की वजह से ठंड का अहसास भी बढ़ेगा। छत्तीसगढ़ में मौसम साफ होने के बाद कोहरा बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *