डंका न्यूज डेस्क
रायपुर राजधानी नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन में अब झील का निर्माण किया जा रहा है। यहां प्रदेश के संस्कृति की झलक के साथ सैलानी झील में नौकायन का आनंद उठा सकेंगे। संस्कृति विभाग मुक्तांगन से लगे जमीन 43247.0 वर्गमीटर में झील जैसा तालाब तैयार कर रहा हैं। इसके लिए 46.89 लाख का बजट रखा गया है।
विदित हो कि पुरखौती मुक्तांगन में प्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों से भी प्रतिदिन तकरीबन पांच सौ से अधिक सैलानी पहुंचते हैं। वहीं छुट्टी के दिनों में इनकी संख्या बढ़कर डेढ़ से दो हजार तक पहुंच जाती है। वर्तमान में यहां सरगुजा और बस्तर क्षेत्रों की जनजाति के रहन-सहन, आदिवासी संस्कृति-सभ्यता को सुंदर ढंग से उकेरा गया है।
खुदाई का कार्य शुरू
मुक्तांगन में बनने वाले झील के चारों ओर सैलानियों के लिए बैठने की व्यवस्था होगी। इसकेसाथ ही पाथ-वे, रंगीन लाइट से झील को सजाया जाएगा। तालाब निर्मार्ण के लिए यहां खुदाई का कार्य शुरू हो चुका है। झील के चारों ओर हरियाली के लिए पौधारोपण कर आर्कषक लुक दिया जाएगा। निर्माण कार्य के दौरान कोशिश यही रहेगी कि कम से कम पौधों को काटा जाए। अभी एक भी पेड़-पौधों को नहीं काटा जा रहा है।