राज्यसभा की 13 सीटों पर 31 मार्च को होगा चुनाव, 6 राज्यों के लिए होंगी वोटिंग

डंका न्यूज डेस्क
राज्यसभा की 13 सीटों के लिए प्रस्तावित चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। तय कार्यक्रम के मुताबिक उच्च सदन की 13 सीटों के लिए 31 मार्च को द्विवार्षिक चुनाव होंगे। राज्यसभा चुनाव कुल 6 राज्यों में होंगे। इसमें असम की 2, पंजाब की 5, केरल की 3 और हिमाचल प्रदेश, नागालैंड-त्रिपुरा की 1-1 सीट शामिल है।
राज्यसभा के जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें रिपुन बोरा, आनंद शर्मा, सुखदेव सिंह, प्रताप सिंह बाजवा, नरेश गुजराल, शमशेर सिंह, एके एंटनी शामिल हैं। संविधान के अनुसार राज्यसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या 250 निर्धारित की गई है।
जिसमें 238 सदस्यों के चुनाव का प्रावधान है, जबकि 12 सदस्यों को राष्ट्रपति द्वारा नामित किया जाता है। जिसमें एक तिहाई सदस्यों का कार्यकाल हर दो साल में समाप्त होता है। जिसके बाद उनकी सीटों के लिए चुनाव होते हैं। यानी हर दो साल में राज्यसभा के एक तिहाई सदस्य बदलते हैं न कि सदन भंग होता है। यानी राज्यसभा हमेशा रहती है।
राज्यसभा चुनाव की प्रक्रिया लोकसभा और विधानसभा चुनावों से अलग होती है, क्योंकि इसके सदस्य का कार्यकाल 6 साल का होता है। लोकसभा चुनाव में आम जनता वोट देती है। लेकिन राज्यसभा चुनाव के लिए आम आदमी वोट नहीं दे सकता। इसके लिए सिर्फ जनप्रतिनिधि यानी जनता द्वारा चुने गए विधायक ही वोट करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *