मुख्यमंत्री की घोषणा पर हुआ अमल, महापौर-पार्षदों की निधि में की गई बढ़ोत्तरी


रायपुर। राज्य सरकार ने नगरीय निकायों के मेयर, नगर पालिका व नगर पंचायतों के अध्यक्ष और पार्षदों की निधि बढ़ा दी है। इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह ऐलान किया था, जिसके परिपालन में नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार 3 लाख से अधिक जनसंख्या वाले नगर निगम में महापौर निधि की राशि डेढ़ करोड़ रुपए से बढ़ाकर सवा दो करोड़, तीन लाख से कम जनसंख्या वाले नगर निगम में महापौर निधि की राशि 75 लाख से बढ़ाकर एक करोड़ 12 लाख 50 हजार रुपए की गई है।

इसी प्रकार तरह 50 हजार से अधिक जनसंख्या वाली नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष निधि की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख, 50 हजार से कम जनसंख्या वाली नगर पालिका परिषद में अध्यक्ष निधि की राशि 25 लाख से बढ़ाकर 37.50 लाख रुपए, 10 हजार से अधिक जनसंख्या वाली नगर पंचायतों में अध्यक्ष निधि की राशि 15 लाख से बढ़ाकर 22.50 लाख रुपए और 10 हजार से कम जनसंख्या वाली नगर पंचायतों में अध्यक्ष निधि की राशि 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपए की गई है।

पार्षदों की निधि में इतनी हुई बढ़ोत्तरी
विभाग द्वारा पार्षद निधि और एल्डरमेन निधि में वृद्धि का आदेश भी जारी कर दिया गया है। इसके अनुसार नगर पालिका निगम में पार्षद निधि 4 लाख से बढ़ाकर 6 लाख रुपए, नगर पालिका में पार्षद निधि 3 लाख रूपए से बढ़ाकर 4.50 लाख और नगर पंचायत में पार्षद निधि 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपए कर दी गई है। इसी प्रकार नगर निगम में एल्डरमैन निधि की राशि 3 लाख से बढ़ाकर 4.50 लाख रुपए, नगर पालिका में एल्डरमेन निधि की राशि 2 लाख से बढ़ाकर 3 लाख रुपए और नगर पंचायत में एल्डरमेन निधि की राशि डेढ़ लाख से बढ़ाकर 2.25 लाख रुपए की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *