[एजेंसी]
बिलासपुर में ट्रैफिक पुलिस की पांच चार पहिया वाहनों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। ये वाहन उन जगहों पर रहेंगे, जहां चेकिंग होगी। इससे पुलिस से दुव्र्यवहार या फिर रौब दिखाने वालों का पता चल सकेगा। साथ ही वसूलीबाज पुलिसकर्मियों पर की भी निगरानी की जा सकेगी। पुलिस पर आरोप लगने पर भी फुटेज निकाल कर जांच की जा सकेगी। ट्रैफिक पुलिस की जांच के दौरान आए दिन पुलिस और वाहन चालकों के साथ विवाद की स्थिति बन जाती है। वाहनों की जांच करने पर कोई रौब दिखाता है। कोई अपनी पहुंच और नेतागिरी कर पुलिसकर्मियों से उलझ जाता है। कई बार पुलिसकर्मियों पर दुर्व्यवहार करने के आरोप भी लगते हैं। विवाद और आरोपों से बचने के लिए पारुल माथुर ने ट्रैफिक पुलिस की गाडिय़ों में सीसीटीवी कैमरा लगाने के निर्देश दिए थे। सीसीटीवी ट्रैफिक पुलिस के आगे और पीछे दोनों तरफ कैमरे लगाए गए हैं। इस कैमरे के मॉनिटर में रिकार्डिंग का डाटा सुरक्षित करने का भी सिस्टम है। जिसे बाद में चेक किया जा सकता है। कैमरों को सभी पेट्रोलिंग गाडिय़ों में स्टॉल किया गया है। वाहनों की जांच के साथ ही पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान भी कैमरों का उपयोग किया जा सकेगा।
यातायात पेट्रोलिंग लिंक रोड,कोतवाली पेट्रोलिंग, सरकंडा पेट्रोलिंग, मंगला पेट्रोलिंग एवं तिफरा के पेट्रोलिंग वाहन में कैमरों को स्टॉल किया गया है। कैमरे के साथ ही ब्लैक बॉक्स भी लगा है।जिसमें रिकार्डिंग अपलोड होता रहेगा।
आम तौर पर यातायात पुलिस की जांच के दौरान दुर्व्यवहार और हंगामा मचाने वाले युवक पुलिसकर्मियों पर आरोप लगाते हैं। वहीं, कई बार पुलिसकर्मियों पर भी वसूली के आरोप लगते रहे हैं। चार पहिया गाडिय़ों में सीसीटीवी कैमरे लगने के बाद इस तरह के आरोपों की जांच की जा सकेगी। कैमरे की मदद से यह भी पता चल सकेगा कि गलती किसकी है।