डंका न्यूज डेस्क
हिंदू पर्व नवरात्रि देवी शक्ति के नौ अलग-अलग रूपों को समर्पित होता है। नवरात्रि के नौ दिनों में माँ दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। देश में अधिकतर चैत्र और शरद ऋतु में आने वाले नवरात्रि को धूमधाम से मनाया जाता है जबकि बेहद कम लोग जानते है कि वर्ष में चार बार नवरात्रि आते है जो इस प्रकार है: आषाढ़, चैत्र आश्विन और माघ आदि। चैत्र माह के नवरात्रि को बसंत नवरात्रि और आश्विन माह के नवरात्रि को शारदीय नवरात्रि कहते है जबकि आषाढ़ और माघ के नवरात्रि को गुप्त नवरात्रि माना गया है।
नवरात्रि का महत्व
नवरात्रि के नौ दिन देवी दुर्गा के भक्तों के लिए विशेष होते है। इन नौ दिनों के दौरान देवी दुर्गा के भक्त सच्चे हृदय और भक्तिभाव से आराधना करते है, साथ ही नवरात्रि के नौ दिनों को किसी नए या मांगलिक कार्य के लिए शुभ माना जाता है।
सनातन धर्म के धार्मिक पर्वों और त्यौहारों में से एक है नवरात्रि, जिसे अधिकतर हिन्दुओं द्वारा अत्यंत श्रद्धा के साथ मनाया जाता हैं। हिन्दू पंचांग के अनुसार, नए वर्ष के आरम्भ से लेकर राम नवमी तक नवरात्रि को मनाया जाता है। माँ दुर्गा की कृपा दृष्टि एवं आशीर्वाद की प्राप्ति के लिए नवरात्रि में देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा-अर्चना, पाठ और अन्य धार्मिक अनुष्ठान सम्पन्न किये जाते है। इस पाठ में माँ के नौ रूपों के प्रकट होने से लेकर उनके द्वारा दुष्टों का संहार करने का पूरा विवरण मिलता है। ऐसी मान्यता है कि नवरात्रि में देवी का पाठ करने से देवी आदिशक्ति की विशेष कृपा होती है। माता दुर्गा के भक्त देवी को प्रसन्न करने के लिए नवरात्रि का उपवास करते है।
शारदीय नवरात्रि 2022 प्रारंभ तिथि और घट स्थापना
शारदीय नवरात्रि 2022 प्रारंभ- 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक
घटस्थापना मुहूर्त : 26 सितंबर सुबह 06 बजकर 20 मिनट से 10 बजकर 19 मिनट तक
शुक्ल पक्ष प्रतिपदा प्रांरभ – 26 सितंबर सुबह 3 बजकर 24 मिनट से 27 सितंबर सुबह 03 बजकर 08 मिनट तक
अभिजीत मुहूर्त- 26 सितंबर सुबह 11 बजकर 54 मिनट से दोपहर 12 बजकर 42 मिनट तक।
नवरात्रि में माँ दुर्गा के नौ स्वरूप
नवरात्रि के नौ दिनों में देवी दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है जो इस प्रकार है :
माँ शैलपुत्री: माता दुर्गा के नौ रूपों में से प्रथम रूप देवी शैलपुत्री का है जो चंद्रमा का दर्शाती हैं। देवी शैलपुत्री के पूजन से चंद्रमा से जुड़ें दोषों का निवारण होता हैं।
माँ ब्रह्मचारिणी: ज्योतिषीय दृष्टिकोण से माँ ब्रह्मचारिणी द्वारा मंगल ग्रह को नियंत्रित किया जाता हैं। माता के पूजन से मंगल ग्रह के नकारात्मक प्रभाव दूर होते हैं।
माँ चंद्रघंटा: देवी दुर्गा का तीसरा स्वरूप देवी चंद्रघण्टा शुक्र ग्रह को नियंत्रित करने का कार्य करती हैं। इनके पूजन से शुक्र ग्रह के दुष्प्रभाव कम होते हैं।
माँ कूष्मांडा: भगवान सूर्य का पथ प्रदर्शन करती हैं देवी कुष्मांडा, इसलिए इनकी पूजा द्वारा सूर्य के अशुभ प्रभावों से बचा जा सकता है।
माँ स्कंदमाता: देवी स्कंदमाता की पूजा से बुध ग्रह सम्बंधित दोष और नकारात्मक प्रभाव कम होते हैं।
माँ कात्यायनी: माता कात्यायनी के पूजन से बृहस्पति ग्रह से जुड़ें दुष्प्रभावों का निवारण होता हैं।
माँ कालरात्रि: शनि ग्रह को माता कालरात्रि नियंत्रित करती हैं और इनकी पूजा से शनि देव के अशुभ प्रभाव दूर होते हैं।
माँ महागौरी: माँ दुर्गा का अष्टम स्वरूप देवी महागौरी की पूजा से राहु ग्रह सम्बंधित दोषों का निदान होता है।
माँ सिद्धिदात्री: देवी सिद्धिदात्री द्वारा केतु ग्रह को नियंत्रित किया जाता हैं और इनके पूजन से केतु के बुरे प्रभावों का निवारण होता हैं।
नवरात्रि का धार्मिक महत्व
नवरात्र’ शब्द से नव, रात्रि अर्थात नौ रात्रियों का बोध होता है। इस दौरान देवी भगवती के नवरूपों की आराधना की जाती है। नवरात्रि में ‘रात्रि’ शब्द को सिद्धि का प्रतीक माना गया है। प्राचीनकाल से ही हमारे ऋषि-मुनियों ने रात्रि को दिन की तुलना में अधिक महत्व दिया है। यही कारण है कि शिवरात्रि, होलिका, दीपावली और नवरात्रि आदि त्यौहारों को रात में मनाने की परंपरा रही है। अगर रात्रि में कोई अज्ञात रहस्य या अदृश्य शक्ति न छुपी होती तो ऐसे त्योहारों को ‘रात्रि’ न पुकारकर ‘दिन’ ही कहा जाता।
शारदीय नवरात्रि 2022 की तिथियाँ
शरद ऋतु में आने वाले आश्विन माह के नवरात्र को शारदीय नवरात्र भी कहा जाता है। आश्विन महीने के नवरात्रि को महानवरात्रि कहा जाता है। अंग्रेज़ी कैलेंडर के अनुसार, शारदीय नवरात्रि मुख्यतः सितंबर या अक्टूबर के महीने में आते हैं। शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन अर्थात दसवें दिन को दशहरे के रूप में मनाया जाता है। ऐसा माना जाता है शारदीय नवरात्रि के अंतिम दिन ही भगवन राम ने रावण का वध किया था।
पहला शारदीय नवरात्र: माँ शैलपुत्री पूजा, घटस्थापना: 26 सितंबर 2022, सोमवार
दूसरा शारदीय नवरात्र: माँ ब्रह्मचारिणी पूजा 27 सितंबर 2022, मंगलवार
तीसरा शारदीय नवरात्र: माँ चंद्रघंटा पूजा 8 सितंबर 2022, बुधवार
चौथा शारदीय नवरात्र: माँ कुष्मांडा पूजा 29 सितंबर 2022, गुरुवार
पांचवां शारदीय नवरात्र: माँ स्कंदमाता पूजा 30 सितंबर 2022, शुक्रवार
छठा शारदीय नवरात्र: माँ कात्यायनी पूजा 1 अक्टूबर 2022, शनिवार
सातवां शारदीय नवरात्र: माँ कालरात्रि पूजा 2 अक्टूबर 2022, रविवार
आठवां शारदीय नवरात्र: माँ महागौरी दुर्गा महा अष्टमी पूजा 3अक्टूबर 2022, सोमवार
नौवां शारदीय नवरात्र: माँ सिद्धिदात्री दुर्गा महा नवमी पूजा 4 अक्टूबर 2022, मंगलवार
नवरात्रि का दसवां दिन: दुर्गा विसर्जन विजय दशमी 5 अक्टूबर 2022, बुधवार