बेमेतरा। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज बेमेतरा विधानसभा के विकासखंड बेरला के ग्राम कठिया (रांका) में भेंट-मुलाकात कार्यक्रम में आम जनता को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की योजनाओं से गरीबों के घर में अंजोर हो रहा है। गोधन न्याय योजना, राजीव गांधी किसान न्याय योजना, सुराजी गांव योजना, राजीव गांधी ग्रामीण भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना, हाट बाजार क्लिनिक योजना से आम लोगों को लाभ हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार का उद्देश्य आम आदमी के आय में वृद्धि करना है। योजनाएं इसी उदेश्य को ध्यान में रखकर बनाई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री भेंट-मुलाकात में जब आम जनता से राज्य सरकार की योजनाओं पर फीडबैक ले रहे थे, तब आनंद गांव की रहने वाली लक्ष्मी बंजारे ने बताया कि उनके समूह जय स्व-सहायता समूह ने गौठान से जुड़कर वर्मी कंपोस्ट जैविक खाद बनाया। जिसे बेचकर अब तक 10 लाख 14 हजार रुपये की आमदनी हुई है। समूह में 10 महिला सदस्य हैं, सभी को एक-एक लाख रुपए की आमदनी हुई है। उन्होंने बताया कि जैविक खाद बेचकर समूह की महिलाएं परिवार और पति को सहयोग कर रही हैं। किसी ने टीवी खरीदी, किसी ने घर बनाने में मदद की, तो किसी ने अपने पति के लिए स्कूटी खरीदी है। इसे सुनकर मुख्यमंत्री ने कहा कि योजनाओं से गरीब के घर में अंजोर हो रहा है। भेंट-मुलाकात में आनंद गांव की रहने वाली 65 वर्षीय किमीना बंजारे ने बताया कि वर्मी कंपोस्ट बेचकर उन्होंने अपने पति के लिए मोटरसाइकिल खरीदी है और घर के लिए टीवी भी खरीदी है। उनकी बात सुनकर मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने की अनेक घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने भेंट-मुलाकात के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए अनेक घोषणाएं की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत कुसमी को नगर पंचायत बनाया जायेगा मुख्यमंत्री ने कुसमी और रांका कठिया में स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल शुरू करने, जेवरा-अर्जुनी- बोरिया मार्ग का उन्नयन एवं नवीनीकरण करने तथा चौड़ीकरण कार्य की प्रशासकीय स्वीकृति देने, ग्राम रांका – कठिया में सामुदायिक भवन के निर्माण, ग्राम रांका- कठिया में हायर सेकेण्डरी स्कूल के भवन निर्माण और चना घेघरी घाट को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान करने की घोषणा की।