साल 2020 खत्म होने से पहले खगोलीय घटनाओं के खजाने में से जिस दुर्लभ मौके का इंतजार दुनियाभर में लोग कर रहे थे, उसने आखिरकार अपनी झलक दिखा ही दी। बृहस्पति और शनि (Jupiter and Saturn) सोमवार शाम धरती से देखे जाने पर एक-दूसरे के इतने करीब थे कि इन्हें अलग-अलग पहचानना मुश्किल हो रहा था। इस के गवाह बने दुनिया के लाखों लोग जिन्होंने इस पल को सोशल मीडिया पर शेयर भी किया।
क्यों दुर्लभ है मौका?
आपको बता दें कि 400 साल बाद ये दोनों ग्रह इतने ज्यादा करीब आए हैं। खास बात यह है कि 800 सौ साल बाद यह मौका रात के वक्त आया है जिस कारण इसे देखा जा सकता है, वरना सूरज की रोशनी में दोनों छिप जाते हैं।
हर 20 साल बाद होता है लेकिन इस साल ये दोनों सिर्फ 0.1 डिग्री दूर हैं जो इस मौके को खास बनाता है।
कैसे देखें?
क्रिसमस से सिर्फ चार दिन पहले दिखने के कारण इसे इस साल ‘क्रिसमस स्टार’ कहा जा रहा है। भारत में जहां सोमवार शाम इसे देखा जा सका, पश्चिमी देशों में इसका इंतजार जारी है। भारत में भी कई जगहों पर बादलों और कोहरे की वजह से यह साफ-साफ दिखाई नहीं दिया। जो लोग इसे खुद देखने से महरूम देख गए हैं उनके पास ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग देखने का ऑप्शन अभी भी बाकी है।