रायपुर। नगर निगम बिरगांव के अंतर्गत सरोरा गांव में तीजा पोला त्यौहार का आयोजन स्नेह जीवन ज्योति सामाजिक संस्था के द्वारा किया गया। आयोजन के मुख्य अतिथि के रूप में जहां जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष पंकज शर्मा पहुंचे हुए थे। बाजार चौक सरोरा में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता बिरगांव के महापौर नंदलाल देवांगन ने की। संस्था के सचिव रमेश साहू ने जानकारी देते हुए बताया कि तीजा पोला के त्यौहार में बहनों की खुशी के लिए कार्यक्रम का आयोजन कराया जाता है। विगत 11 वर्षों से कार्यक्रम का आयोजन संस्था के द्वारा किया जा रहा है। खेलकूद के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया था। खेलकूद में मटकी फोड़, पोला दौड़, खो – खो, रस्सी कूद, फुगड़ी आदि का आयोजन किया गया। बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति भी दी गई।
पंकज शर्मा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि तीजा पोला के त्यौहार का छत्तीसगढ़ में एक अलग की महत्व है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री निवास में जहां पोला और तीजा के त्यौहार में कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है। इस पावन पर्व की अब राज्य सरकार ने शासकीय छुट्टी भी घोषित कर दी है। यह पर्व भगवान शिव और माता पार्वती से जुड़ा है। इस दिन बहनें भोलेनाथ और माता पार्वती की पूजा करती हैं। निर्जला व्रत रखकर और पति की लंबी उम्र की कामना करती हैं। जिससे परिवार में सुख शांति बनी रहती है।