लोगों को सहज सुलभ न्याय जितनी जल्दी मिलता है लोकतंत्र उतना ही मजबूत होता है- मुख्यमंत्री साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से भविष्य में लोकतंत्र के एक महत्वपूर्ण स्तंभ की जिम्मेदारी संभालने वाले युवाओं ने आज विधानसभा में मुलाकात की। युवा पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के बीएएलएलबी के विद्यार्थी थे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से चर्चा मे कहा कि लोगों को सहजसुलभ न्याय जितनी जल्दी मिलता है लोकतंत्र उतना ही मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद भी बरसों तक पुराने कानून बदले नहीं गये, इनमें से कुछ गैरजरूरी थे और साम्राज्यवादी उद्देश्यों को लेकर रखे गये थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दंड संहिता की जगह भारतीय न्याय संहिता को प्रतिस्थापित किया। दंड की तुलना में न्याय ज्यादा व्यापक शब्द है और गहरा अर्थ रखता है।
इस दौरान युवाओं ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी जिज्ञासा भी रखी। सत्यम कुशवाहा ने मुख्यमंत्री से उनके लंबे संसदीय अनुभव के संबंध में पूछा। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने लंबे समय तक विधानसभा और लोकसभा के सदस्य के रूप में कार्य किया है। इस दौरान सबसे अच्छी बात यह रही कि भारतीय लोकतंत्र की मजबूती को करीब से देखा। सदस्य यहां हर मुद्दे पर अपनी राय रखते हैं। देश अथवा राज्य के किसी भी कोने में कोई समस्या हो, इसकी गूंज संसद अथवा विधानसभा में सुनाई देती है। जनहित के मुद्दों पर यहां लगातार काम होता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विधानसभा की कार्यवाही के दौरान आपने यह देखा भी होगा कि किस तरह से सदस्य अपने मुद्दे रख रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कानून की पढ़ाई कर रहे युवाओं से कहा कि आप लोग न्यायपालिका के लिए कार्य करेंगे। लोगों को न्याय दिलाने का काम बहुत सार्थक कार्य है। जितनी कुशलता से आप लोग काम करेंगे, लोगों को न्याय उतनी ही सुलभता से उपलब्ध होगा। विद्यार्थियों ने इस दौरान विधानसभा सत्र की कार्यवाही भी देखी और पक्ष-विपक्ष की भूमिका तथा अन्य प्रक्रियाओं से भी अवगत हुए।
बीए एलएलबी के छात्र सत्यम कुशवाहा, अदिति वर्मा, कनक साहू, पांचाल अवस्थी, रोहन साहू, केतन वर्मा, सेजल महोबिया, जगेश  बंजारे, ताज हसन, माधुर्य यदु इस दौरान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *