रायपुर। रायपुर लोकसभा कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय ने चुनाव के दौरान प्रशासन पर भाजपा की कठपुतली बनकर काम करने का आरोप लगाया। रायपुर लोकसभा प्रत्याशी विकास उपाध्याय, प्रमोद दुबे, महेंद्र छाबड़ा, विनोद तिवारी कन्हैया अग्रवाल सहित कई पार्षद और कार्यकर्ताओं ने पुरानी बस्ती के पोलिंग बूथ के बाहर चक्का जाम कर धरना दिया। कलेक्टर रायपुर के आश्वासन के बाद धरना समाप्त किया गया।
विकास उपाध्याय ने कहा मतदान के दो दिन पूर्व रायपुर कलेक्टर ने पोलिंग बूथों में तंबू लगाकर निम्बू पानी और शरबत पिलाने का आदेश जारी किया। यह काम विभिन्न समाजिक संस्थाओं और एनजीओ के माध्यम से होना था। मुझे जानकारी प्राप्त हुई कि शरबत और नींबू पानी पिलाने के बहाने मतदाताओं को भाजपा के पक्ष में वोट देने के लिए प्रेरित करने की आशंका थी। इसलिए मैंने दो दिन पूर्व ही रायपुर कलेक्टर को आगाह किया था। आज सुबह से ऐसी जानकारी लगी कि भाजपा के एजेंट पोलिंग बूथ के अंदर शरबत और नींबू पानी के स्टालों में भाजपा का गमझा और अन्य प्रचार सामग्री लेकर भाजपा के लिए वोट अपील करते रहे। जबकि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार किसी भी राजनीति पार्टी का व्यक्ति पोलिंग स्टेशन के 100 मीटर के दूर रहेगा। लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने पोलिंग बूथों में लगातार अचार संहिता का उल्लंघन किया। कई जगह भाजपा के बूथ एजेंटों ने पोलिंग बूथ के अंदर नरेंद्र मोदी की फ़ोटो वाली डायरी और पेन का इस्तेमाल किया। खुलेआम आदर्श आचार संहिता उल्लंघन किया गया है।