भीषण ठंड से कांप रही दिल्ली पर बारिश आफत बनकर बरस रही है। रविवार को राजधानी दिल्ली में 39.9 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई। जनवरी में एक दिन में इतनी बारिश तो बीते 12 सालों में नहीं हुई थी। बारिश के बाद दिल्ली में ठंड काफी बढ़ गई जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा। कई जगह सड़कों पर पानी भरने से भी लोगों को मुश्किल हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, आज दिल्ली में ओले भी गिर सकते हैं। देश के अन्य हिस्सों में भी आज ठंड का कहर जारी रहेगा।
प्रदूषण से मिली थोड़ी राहत
हालांकि इस बारिश ने लोगों की मुश्किलें जरूर बढ़ाई हों, लेकिन प्रदूषण से थोड़ी राहत तो दिलाई है। अगले दो दिनों के दौरान प्रदूषण स्तर में और सुधार के संकेत हैं। इस दौरान वायु गुणवत्ता (AQI) 100 के नीचे भी आ सकती है। रविवार को औसत AQI 354 पर था।
कोहरे की वजह से विजिबिलिटी रही कम
राजधानी दिल्ली में आज सुबह कोहरा छाए रहने की वजह से विज़िबिलिटी काफी कम रही। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा। विडियो जहांगीरपुरी और GT करनाल रोड इलाके से है।
देश के अन्य हिस्सों में भी हुई बारिश
पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में भी बारिश हुई। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे पहाड़ी क्षेत्रों पर खूब बर्फबारी भी हुई। कई जगह पर तो यात्रियों के फंसे होने की खबर है। बर्फबारी की वजह से कश्मीर घाटी का संपर्क देश के अन्य हिस्सों से कट गया है।
(न्यूज एजेंसी एएनआई से भी इनपुट के साथ)