चीन: मालवाहक जहाज पर फंसे भारतीय नाविक 14 जनवरी को देश लौटेंगे

पेइचिंग
चीन में कई महीनों से 23 भारतीय सदस्यों के साथ फंसे मालवाहक जहाज एमवी जग आनंद के वापस भारत आने का रास्ता आखिर साफ हो गया है। पहले जापान में इसका क्रू बदला जाएगा और 14 जनवरी को भारतीय सदस्य लौट आएंगे। चीनी प्रशासन ने कोविड-19 के मद्देनजर कई तरह के प्रतिबंध लगाने के कारण इन बंदरगाहों पर चालक दल में बदलाव की अनुमति नहीं दी थी।

चीन से संपर्क में था मंत्रालय
इससे पहले भारतीय विदेश मंत्रालय ने पिछले शुक्रवार को बताया था कि पिछले कुछ महीनों से चीनी जलक्षेत्र में फंसे दो जहाजों और उन पर पर सवार चालक दल के 39 भारतीय सदस्यों की मानवीय जरूरतों का ध्यान रखने और इस मुद्दे का जल्द समाधान निकालने के लिए पेइचिंग, हेबेई और तियानजिन स्थित चीनी प्रशासन के साथ भारतीय उच्चायोग लगातार संपर्क में है।

एक और जहाज पर 16 सदस्य फंसे
मालवाहक पोत एमवी जग आनंद 13 जून से चीन के हुबेई प्रांत में जिंगटांग बंदरगाह के पास खड़ा है और उस पर 23 भारतीय नागरिक चालक दल के रूप में सवार हैं। उन्होंने बताया कि एक अन्य पोत एमवी अनासतासिया पर 16 भारतीय नागरिक चालक दल के रूप में हैं और यह 20 सितंबर से चीन के कोओफिदियन बंदरगाह के पास खड़ा है और माल के निपटारे का इंतजार कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *