मेरठ: सर्वे के बहाने 2 युवतियों ने मासूम को किया अगवा, अब हुआ आजाद

निखिल शर्मा,
मेरठ में अगवा हुए 10 साल के मासूम को पुलिस ने आजाद करा लिया है। शुक्रवार की दोपहर टीपी नगर थाना क्षेत्र में खुद को स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी बताने वाली दो युवतियों ने घर के बाहर खेल रहे मासूम का अपहरण कर लिया। घटना के बाद हड़कंप मच गया। बच्चे की तलाश में कई पुलिस टीमों को लगाया गया। आखिरकार 24 घंटे के अंदर पुलिस ने बच्चे को बरामद कर लिया।

बच्चे को अगवा कर अपने साथ ले जा रगीं दोनों युवतियों की तस्वीर इलाके के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके बाद पुलिस सरगर्मी से बच्चे की तलाश करने लगी। शनिवार को पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित छुड़ा लिया। दरअसल, देवलोक कॉलोनी निवासी निक्की ई-रिक्शा चालक हैं। वहीं, उसकी पत्नी मालती भी घरों में काम करती हैं। बताया जाता है शुक्रवार को दंपती अपने अपने-अपने काम पर गए थे। इस दौरान उनका 10 साल का बेटा प्रिंस और आठ साल की बेटी प्रीति घर पर अकेले थे।

स्वास्थ्य कर्मचारी बताकर कर रही थीं सर्वे
जानकारी के अनुसार दोपहर करीब दो बजे 20 से 25 वर्ष की दो युवतियां कॉलोनी में पहुंचीं। युवतियों ने खुद को स्वास्थ्य विभाग का कर्मचारी बताते हुए इलाके का सर्वे शुरू कर दिया। इसके बाद घर-घर जाकर क्षेत्रवासियों से उनके परिवार के सदस्यों के विषय में जानकारी करने लगीं। इस दौरान मासूम प्रिंस अपने घर के बाहर खेल रहा था। तभी दोनों युवतियों ने प्रिंस को अपनी बातों में उलझाया और उसे अपने साथ ले गईं। लगभग दो घंटे बाद दंपती की छोटी बेटी प्रीति ने पड़ोसियों से अपने भाई के गुम होने की शिकायत की तो क्षेत्र में खलबली मच गई। इसके बाद पड़ोस के लोगों ने निक्की और मालती को फोन पर घटना की जानकारी दी।

एक किलोमीटर तक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
घटना की जानकारी के बाद बच्चे के परिवार वालों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घर पहुंचे दंपती ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसके बाद टीपी नगर एसओ विजय कुमार गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस ने निक्की के घर से लेकर एक किलोमीटर तक के दायरे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई। इसमें मासूम प्रिंस दोनों युवतियों के साथ सड़क पर पैदल जाता दिखाई दिया। थाना प्रभारी विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि बच्चे के पिता ने दोनों अज्ञात युवतियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी युवतियों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *