झारखंड में मौसम ने तोड़ा 51 साल पुराना रिकॉर्ड, रांची में दर्ज किया गया जनवरी में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान

रवि सिन्हा, रांची
झारखंड में बदलते मौसम ने 51 साल पुराने एक रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। राजधानी रांची के मौसम का डिजिटल रिकॉर्ड 1969 से उपलब्ध है और उपलब्ध डिजिटल रिकॉर्ड के अनुसार, 10 जनवरी 2021 रविवार को रांची का सबसे अधिक 17.6 डिग्री सेल्यियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, यह अब तक का जनवरी में सबसे अधिक न्यूनतम तापमान है।

1969 से उपलब्ध हैं रांची का डिजिटल रिकॉर्डरांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के वरीय वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 1969 से उपलब्ध रांची के डिजिटल रिकॉर्ड के अनुसार 51 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ जब जनवरी महीने में रांची का न्यूनतम और अधिकतम तापमान काफी करीब पहुंच गया। वर्ष 2000 के बाद झारखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ा है और हवा की गति धीमी हुई है, जिसके कारण तापमान में वृद्धि हुई है।

मौसम विभाग का मानना है कि आधी शताब्दी में पहली बार ऐसा हुआ कि रांची में ठंड के मौसम में पारा इतना ऊपर गया है।

12 जनवरी को धुंध और कोहरा होने की संभावना
मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस गिरावट दर्ज किये जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ के असर कम होने के कारण ठंड बढ़ेगी, वहीं सुबह में धुंध और कोहरा का भी असर देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *