रायपुर। राजभवन के दरबार हॉल में कल छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के 16वें स्थापना दिवस समारोह पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के द्वारा आयोजित वेबिनार के स्मारिका का विमोचन किया गया। उपस्थित सभी निजी विश्वविद्यालयों ने अभिनंदन पत्र प्रदान कर राज्यपाल का सम्मान किया। छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने भी राज्यपाल को विशेष अभिनंदन पत्र प्रदान किया। सभी निजी विश्वविद्यालयों ने कोरोना काल में किए गए कार्यों से संबंधित प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।
राज्यपाल ने कहा निजी विश्वविद्यालय ऐसी शिक्षा प्रदान करे कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी देश के बाहर जाकर भी यह कहें कि छत्तीसगढ़ में शिक्षा प्राप्त की है। कोरोनाकाल में निजी विश्वविद्यालयों ने ऑनलाइन शिक्षा तथा अन्य माध्यमों से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा देने का प्रयास किया है, यह सराहनीय है।
राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि उच्च शिक्षा के क्षेत्र गुणवत्ता बनाएं रखें। पहले की अपेक्षा विश्वविद्यालयों की संख्या में बढ़ोत्तरी हुई है परन्तु आवश्यकता है कि मानकों के अनुरूप अपने आप को ढालें तथा यह प्रयास करें कि सभी वर्गों तक उच्च शिक्षा की पहुंच हो। मेरा मानना है कि शिक्षा प्रदान करने का काम सबसे पुण्य का कार्य है। शिक्षण संस्थाओं को किसी भी प्रकार की राजनीति से मुक्त रखना चाहिए ताकि विद्यार्थियों की संस्थाओं के प्रति विश्वसनीयता बनी रहे। राज्यपाल ने निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग और सभी निजी विश्वविद्यालयों को स्थापना दिवस की बधाई दी।
छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष डॉ. शिववरण शुक्ल ने कहा कि राजभवन के दरबार हॉल में इस कार्यक्रम के आयोजन से ऐसा महसूस हो रहा है कि हम सब परिवार के लोग एक साथ एकत्रित हुए हैं। सभी निजी विश्वविद्यालय प्रयास करें कि छत्तीसगढ़ को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में सबसे सर्वोत्तम बनाएं। शुक्ल ने बताया कि इस अवसर पर दरबार हॉल घोषणा पत्र जारी कर रहे हैं, जिसके अनुसार सभी निजी विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रम में नैतिक मूल्य से संबंधित 100 नंबर का एक विषय प्रारंभ करें और उसमें उत्तीर्ण होना अनिवार्य करें। इसके नंबर को श्रेणी निर्धारण में शामिल न करें। साथ ही हर विश्वविद्यालय संस्कृत से जुड़ा पाठ्यक्रम प्रारंभ करें क्योंकि संस्कृत हमारे देश की प्राचीन संस्कृति की पहचान है। विश्वविद्यालयों में छत्तीसगढ़ी भाषा और संस्कृति से जुड़े पाठ्यक्रम भी प्रारंभ करें।
उल्लेखनीय है कि राज्यपाल द्वारा पहली बार राजभवन में सभी निजी विश्वविद्यालयों की बैठक ली गई और समीक्षा की गई। इस बैठक में सभी निजी विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति, कुलपति एवं कुल सचिव उपस्थित थे। इस अवसर पर सभी निजी विश्वविद्यालयों ने कहा कि यह पहला अवसर है जब राज्यपाल द्वारा उन्हें राजभवन बुलाकर बैठक ली गई और हमें अपनी बात रखने का मौका दिया। इसके लिए हम सब उन्हें धन्यवाद देते हैं।
