मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सभी जिला कलेक्टरों को प्रदेश में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए संभावित बाढ़ प्रभावित इलाको में सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिये निर्देश

रायपुर, 23 जून 2021

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रदेश में हो रही लगातार बारिश को देखते हुए संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव के उपायों की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश सभी जिला कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ की स्थिति में किसी भी तरह की विपरित परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी सतर्कता रखी जाए। लोगों के बचाव और उन्हें राहत पहुंचाने की सभी तैयारी भी रखी जाए। निचले और संभावित बाढ़ प्रभावित इलाकों में आपदा प्रबंधन दल को मुस्तैद रखा जाए। आवश्यकता पड़ने पर प्रभावितों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। नदी नालों के जल स्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसकी जानकारी नियमित रूप से कंट्रोल रूम में दी जाए। जहां भी बाढ़ की स्थिति निर्मित हो सकती है वहां पूर्व से ही आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली जाए।
    मुख्यमंत्री ने जिला कलेक्टरों से कहा है कि बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में स्कूलों एवं नजदीक के भवनों में अस्थाई राहत शिविर की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने राज्य आपदा मोचन बल सहित प्रभावित जिलों के जिला पुलिस बल, होमगार्ड, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, विद्युत विभाग, लोक निर्माण, खाद्य विभाग, नगरीय निकायों, बीएसएनएल आदि के अधिकारियों को भी सचेत एवं सतर्क रहने को कहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *