छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ेगी। यहां मध्य दिसम्बर से 14 जनवरी तक की अवधि में काफी ठंड पड़ती है। पहाड़ी क्षेत्रों में पाला पड़ता है।
छत्तीसगढ़ में रात का तापमान सामान्य से एक से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम है। अभी कुछ दिनों तक यह ठंड कम होते नहीं दिख रही है। इसकी वजह बंगाल की खाड़ी में बना एक चक्रवाती सिस्टम है। बताया जा रहा है, इसके प्रभाव से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात हो सकती है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक डिप्रेशन बना हुआ है। वहीं ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा 4.5 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है। इस सिस्टम के प्रभाव से 12 नवंबर को प्रदेश के एक-दो स्थानों पर है हल्की वर्षा होने की संभावना है। इन स्थानों पर गरज-चमक के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं। बरसात का असर मुख्य रूप से दक्षिण छत्तीसगढ़ में रहने की संभावना जताई जा रही है। विज्ञानियों ने बताया, अभी न्यूनतम तापमान में वृद्धि की संभावना नहीं है। इससे पहले माना जा रहा था पूर्वी हवाओं के असर से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हो सकती है। बताया गया, प्रदेश में शुष्क हवाओं का आना जारी है। गुरुवार को दक्षिण छत्तीसगढ़ में हवा की दिशा दक्षिण-पूर्व हुई। इसकी वजह से क्षेत्र के कुछ जिलों में आंशिक बादल छाये। यह बादल एक-दो स्थानों पर बरस भी सकते हैं। इसकी वजह से हवा में नमी की मात्रा बढ़ेगी। स्थानीय स्तर पर इसका प्रभाव हो सकता है।
रायपुर में दिन भी हुआ ठंडा
राजधानी रायपुर में दिन का तापमान भी काफी कम हो गया है। रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस बताया गया। बुधवार को लालपुर केंद्र पर यह 30.4 डिग्री, माना केंद्र पर 29.7 डिग्री और लाभांडी में 29.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया था। अधिकतम सामान्य तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट बताई जा रही है। तापमान कम होने की वजह से कई लोग गर्म कपड़े पहने भी नजर आए।
सबसे ठंडी रही पेण्ड्रा की रात
बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात भी काफी ठंढी रही है। सबसे ठंढी रात पेण्ड्रा में दर्ज हुई। यहां न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस मापा गया है। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस कम है। अम्बिकापुर का न्यूनतम तापमान 13.4 डिग्री सेल्सियस, दुर्ग का 13.6 डिग्री सेल्सियस और रायपुर के लाभांडी का न्यूनतम तापमान 14.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। वहीं बिलासपुर का न्यूनतम तापमान 16.2, माना का 17.3 और जगदलपुर-रायपुर लालपुर का सबसे कम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस मापा गया। राजनांदगांव में रात का सबसे कम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है।