बलौदाबाजार जिले में वन विभाग ने दो तेंदुए का कंकाल किया बरामद


बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में वन विभाग ने दो तेंदुए का कंकाल बरामद किया है. वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के लवन क्षेत्र के अंतर्गत अल्दा गांव में जंगल में रविवार को दो तेंदुए का लगभग एक माह पुराना कंकाल बरामद किया गया है.

उन्होंने बताया कि वन विभाग को जब जंगल में तेंदुए का कंकाल होने की जानकारी मिली तब विभाग के दल को घटनास्थल के? लिए रवाना किया गया. उन्होंने बताया कि तेंदुए की उम्र चार से छह वर्ष है. बलौदाबाजार वन मंडल के वन मंडल अधिकारी मयंक अग्रवाल ने बताया कि वन विभाग ने दो तेंदुए का कंकाल बरामद किया है, जो करीब एक माह पुराना है और तीन चिकित्सकों के दल ने कंकाल की जांच की है.

वन मंडल अधिकारी ने बताया कि आशंका है कि तेंदुए के बीच आपसी संघर्ष के कारण उनकी मृत्यु हुई है. क्योंकि जहां कंकाल बरामद किया गया है वहां ग्रामीणों की आवाजाही नहीं है. साथ ही इस मामले में शिकार की संभावना भी कम है क्योंकि तेंदुए के वह अंग सुरक्षित हैं जिन्हें शिकारी अपने साथ ले जाते हैं. अधिकारी ने बताया कि वन? विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *