रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज 7600 करोड़ रूपए की लागत से 10 परियोजनाओं का लोकार्पण, शिलान्यास एवं शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रायपुर पहुंचने पर राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने साइंस कॉलेज स्थित हेलीपैड पर हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि यह हमारे लिए बहुत खुशी की बात है कि हमारे प्रधानमंत्री छत्तीसगढ़ के दौरे में आये हैं। प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता कौशल्या की भूमि में मैं उनका स्वागत करता हूँ। प्रधानमंत्री से हम अनेक मंचों में मिलते हैं और नीति आयोग आदि की बैठकों में मिलते हैं। हम मांगे भी करते हैं लेकिन उन्हें और दोहराना नहीं चाहता। मैं केन्द्रीय मंत्री सड़क परिवहन मंत्री के साथ भी बैठता हूँ जितना मांगते हैं उससे ज्यादा ही देते हैं। हम तो मांगते ही रहेंगे लेकिन और ज्यादा नहीं कहना चाहता हूूँ, फिर भी इतना कहना चाहता हूँ कि हमारा राज्य नवोदित राज्य है इसलिए ज्यादा से ज्यादा मदद हमको मिलती रहे।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को छत्तीसगढ़ के कारीगरों द्वारा तैयार अंगवस्त्र और मिलेट्स की टोकरी भेंट की
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने प्रधानमंत्री जी को स्मृति चिन्ह के रूप छत्तीसगढ़ के कारीगरों द्वारा तैयार अंगवस्त्र और मिलेट्स की टोकरी भेंट की।