रायपुर। विधायक विकास उपाध्याय द्वारा विगत 15 दिनों से शुरू की गई सोनिया गांधी जनसंपर्क यात्रा लगातार जारी है। आज सुबह वे अपने क्षेत्र पश्चिम विधानसभा के चंदन डीह पहुंचकर लोगों की चौपाल लगा कर एक-एक समस्याओं की जानकारी ली और तत्काल संभव कार्यो को एक दिवस के अंदर पूरा करने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
विधायक विकास उपाध्याय किसी भी वार्ड व मोहल्ले में अचानक पहुंच कर लोगों से रूबरू हो रहे हैं। इस जनसंपर्क यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं भी हिस्सा लेकर अपनी बात रख रही हैं और जिन समस्याओं से वे पीड़ित हैं उसे विधायक को बता रही हैं। आज चंदन डीह में भी इस तरह का नजारा देखा गया।
चंदन डीह की महिलाओं ने आज विधायक विकास उपाध्याय द्वारा पेड़ के नीचे रखी चौपाल में एक के बाद एक मांगें रख कर अपनी जागरूकता का परिचय दिया। महिलाएं पानी की कमी और मकानों के पट्टे की मांग तक सीमित नहीं रहीं बल्कि अपने बच्चों के भविष्य की भी चिंता कर क्षेत्र में अभी तक आठवीं कक्षा तक संचालित स्कूल को 12 वीं तक खोले जाने की मांग की। जिस पर विधायक ने स्कूल में बच्चों की कुल संख्या की जानकारी लेने के बाद कहा कि वे इस मांग को पूरा करने विभागीय मंत्री को प्रस्ताव भेज रहे हैं। यहाँ के लोगों के लिए शमसान घाट की मांग पर वे चिन्हित स्थल पर भी गए और जल्द कार्य शुरू करवाने की बात लोगों से की।

इसके अलावे यहां संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में भी जा कर व्यवस्था का हाल चाल जाना जहाँ वे छोटे बच्चों को बगैर पंखे में बैठे देख भड़क गए और कहा, आज किसी भी सूरत में पंखे लग जानी चाहिए।