मुख्यमंत्री ने बिरगांव के आंगनबाड़ी केन्द्र से वजन त्यौहार का वर्चुअल शुभारंभ किया, जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 7 से 16 जुलाई तक किया जाएगा आयोजन

रायपुर 07 जुलाई 2021/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नगर पालिक निगम बिरगांव वार्ड क्रमांक 28 के आंगनबाड़ी केन्द्र क्रमांक 20 में वजन त्योहार का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर आंगनबाड़ी में क्षैत्रिय विधायक सत्यनारायण शर्मा, जिला पंचायत सीईओ मयंक चर्तुवेदी सहित जनप्रतिनिधिगण और पालकगण भी आंगनबाड़ी में उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि रायपुर जिले के सभी 1882 आंगनबाड़ी केंद्रों में वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। यहां वजन त्यौहार 7 से 16 जुलाई तक संचालित होगा।

मुख्यमंत्री के समक्ष बच्चों का वजन भी लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे बच्चे यदि मजबूत होंगे, ताकतवर बनेंगे, हमारी बेटियों में खून की कमी दूर होगी तो निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ मजबूत बनेगा। उन्होंने बिरगांव के वजन त्यौहार कार्यक्रम में बच्चों की माताओं से आंगनबाड़ी में मिलने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का अनिवार्य रूप से वजन कराकर उनके सुपोषण स्तर का मूल्यांकन कराने और किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन जांच की अपील की है।

मुख्यमंत्री ने धरसीवां विकासखंड की बिरगांव में कार्यरत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नीलू परगनिहा से भी चर्चा की। सुश्री नीलू परगनिहा ने बताया कि पहले उनके आंगनबाड़ी केंद्र में 7 मध्यम कुपोषित बच्चे थे, जिनमें से 5 बच्चे अब सामान्य हो चुके हैं, 2 बच्चे अभी भी मध्यम कुपोषित हैं। उन्होंने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना का लाभ देने के साथ रेडी टू ईट की सामग्री तथा गरम भोजन प्रदान किया जाता है। कुपोषित बच्चों के घरों में जाकर उनके पालकों को बच्चों के खानपान से संबंधित समझाईश भी दी जाती है।

मुख्यमंत्री कुपोषण से स्वस्थ हुए बच्चे की माता संगीता साहू से भी रूबरू हुए। संगीता साहू ने बताया कि कुपोषण के कारण उनके बच्चे का वजन काफी कम था, परंतु आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के द्वारा रेडी टू ईट की सामग्री तथा उसके उपयोग के बारे में जानकारी मिलने से वह सामान्य हो चुका है।

बिरगांव मेें उपस्थित विधायक सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बेहतर काम कर रही है। कलेक्टर सौरभ कुमार ने जिले में सेक्टर में निर्धारित कलस्टर अनुसार निर्धारित तिथियों में वजन त्यौहार के अनुश्रवण हेतु नोडल अधिकारी नामांकित किए है। आयोजन के बाद साफ्टवेयर में प्रत्येक बच्चों की जानकारी दर्ज की जाएगी।

जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पांडे ने बताया कि वजन त्यौहार के आयोजन हेतु रायपुर जिले के 1882 आगनबाडी केन्द्रों को 424 कलस्टर में बांटा गया है, जिसमें 0 से 5 वर्ष के 1,61,020 बच्चों का वजन, लम्बाई एवं बांह की माप लिया जाएगा जिससे यदि उनमें कुपोषण, बौनापन, दुर्बलता हो तो उसे ज्ञात किया जा सकें। इसी तरह जिले की 15,100 किशोरी बालिकाओं का हिमोग्लोबिन टेस्ट एवं वजन आंगनबाड़ी केन्द्रों में लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *